मौसम अलर्ट: मध्यप्रदेश के कई इलाकों में हो सकती है बारिश, छाए रहेंगे बादल, अप्रैल के अंत में 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है पारा

मध्यप्रदेश के कई इलाकों में हो सकती है बारिश, छाए रहेंगे बादल, अप्रैल के अंत में 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है पारा
  • वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते हो सकती है बारिश
  • कई इलाकों में छाए रह सकते हैं बादल
  • मंगलवार को सबसे गर्म रहे मंडला और खंडवा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में अप्रैल के महीने में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। दरअसल, 2 से 3 दिनों में उत्तर भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। जिसका असर मध्यप्रदेश में भी पड़ने की संभावना है। यदि यह सिस्टम प्रदेश में एक्टिव हो जाता है तो बूंदाबांदी के साथ कई इलाकों में बादल भी छा सकते हैं। वहीं बात करें प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म स्थानों की तो खंडवा और मंडला सबसे गर्म रहे। यहां का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान रात का तापमान भी बढ़ सकता है।

इससे पहले मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के अप्रैल महीने में तेज गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया था। विभाग ने बताया था कि ग्वालियर रीजन में अप्रैल के अंतिम दिनों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाएगा। इसके अलावा भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां में भी पारा 45-47 डिग्री तक रहने का अनुमान है। इस दौरान हीटवेव चलने की संभावना भी विभाग ने जताई है।

4 से 5 डिग्री बढ़ेगा तापमान

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक इस साल अप्रैल में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। हीटवेव चलने की वजह से दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहेंगी। हर बार की तरह इस बार भी अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह से तापमान बढ़ने लगेगा। इस दौरान तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। अभी जिन शहरों में तापमान 38 से 40 डिग्री है वहां यह 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक हो जाएगा। सबसे ज्यादा तापमान भिंड और ग्वालियर जिले में बढ़ेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यहां अप्रैल के अंत में तापमान क्रमश: 47 व 46 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।

20 दिन चलेगी लू

बता दें कि इससे पहले सोमवार को आईएमडी यानी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश में पिछले कुछ सालों के मुकाबले इस साल ज्यादा गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी की थी। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल पिछले साल से भी ज्यादा गर्मी पड़ सकती है। इस बार अप्रैल से लेकर जून महीने तक सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की संभावना है। वहीं इस बार हर बार के जैसे लू भी ज्यादा चलने की आसार विभाग ने जताएं हैं। हर साल औसतन 8 दिन रहने वाली लू इस बार 20 दिनों तक रह सकती है।

भीषण गर्मी की चपेट में होंगे 6 राज्य

मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल महीने में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र समेत देश के 6 राज्यों में भीषण गर्मी रहेगी। यहां अगले सप्ताह में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अप्रैल से लेकर जून महीने के दौरान भारत के अधिकांश भागों में रात और दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। जिन राज्यों में गर्मी का इफेक्ट सबसे अधिक रहने वाला है वह हैं - मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और ओडिशा हैं। विभाग के मुताबिक, इस साल मैदानी भागों में करीब तीन सप्ताह लू भी चलेगी।

Created On :   3 April 2024 3:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story