मॉनसून सत्र: 4 अगस्त से 8 अगस्त तक चलेगा दिल्ली विधानसभा सत्र, सीएम रेखा गुप्ता ने दी जानकारी

- सात विधायकों की टीम में होगा एक तकनीकी विशेषज्ञ
- सोमवार से शुरू होगा दिल्ली विधानसभा का सत्र
- इतिहास में पहली बार रविवार को विधानसभा सदन लगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा इस बार विधानसभा सत्र 4 अगस्त से शुरू होकर 8 अगस्त तक चलेगा। इतिहास में पहली बार दिल्ली विधानसभा अब ई-विधानसभा होगी। यह पेपरलेस होगी। केंद्र ने इसमें हमारी आर्थिक मदद की है। दिल्ली विधानसभा में 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया गया है। दिल्ली विधानसभा पूरी तरह से सौर ऊर्जा से चलती है। हमने दिल्ली सचिवालय का भी डिजिटलीकरण किया है।
आपको बता दें अबकी बार इतिहास में पहली बार रविवार को दिल्ली विधानसभा सदन में सत्र चलने वाला है। रविवार को चलने वाला सत्र डेढ़ घंटे का होगा। दिल्ली विधानसभा को हाल ही में ई-विधानसभा का रूप दिया गया है। ऐसे में ई-विधानसभा की सभी तकनीकी गड़बड़ियों को दूर करने के लिए रविवार को दिल्ली विधानसभा सदन में सत्र चलेगा। जिसमें सीएम रेखा गुप्ता समेत सभी मंत्री और पक्ष विपक्ष के नेता भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता भी अपनी कुर्सी से ट्रायल में शामिल होंगे।
सुचारू रुप से दिल्ली विधानसभा का सत्र सोमवार यानी चार अगस्त से चलेगा। तकनीकी विशेषज्ञों को विधानसभा के प्रोटोकाल के बारे में बता दिया गया है। विधानसभा सदन में सभी सीटों पर विधायकों के लिए आइपैड लगे हैं। नई व्यवस्था को शुरू करने के लिए 18 तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। ये विशेषज्ञ अलग-अलग टीमों में विधायकों के साथ जुड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए एक तकनीकी विशेषज्ञ का इंतजाम किया गया है। वहीं 7-7 विधायकों की टीम के लिए एक-एक तकनीकी विशेषज्ञ है। सदन के संचालन के दौरान ये तकनीकी विशेषज्ञ सदन के बाहर गैलरी में मौजूद रहेंगे जो गड़बड़ी होने पर इशारा मिलने पर मदद के लिए विधायक की सीट पर पहुंचेंगे। सदन के संचालन के दौरान कोई भी दिक्कत आने पर तकनीकी विशेषज्ञ उसे तुरंत ठीक करेंगे।
Created On :   3 Aug 2025 5:03 PM IST