Bihar Elections 2025: 'बिहार में आम आदमी पार्टी का कोई वजूद नहीं..', अरविंद केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस का पलटवार

बिहार में आम आदमी पार्टी का कोई वजूद नहीं.., अरविंद केजरीवाल के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
  • केजरीवाल ने आप के सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान
  • इंडिया गठबंधन के साथ अलायंस न बनाने की भी की थी घोषणा
  • कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीनों का समय बचा है। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही नेताओं के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी क्रम में चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि AAP अपने दम पर राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

'AAP को बिहार में कोई नहीं जानता'

कांग्रेस नेताअखिलेश प्रसाद सिंह ने केजरीवाल के बयान पर कहा कि बिहार में आप का कोई वजूद नहीं। मीडिया से बात करते हुए सिंह ने कहा कि केजरीवाल केवल समाचार में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। बिहार में उनकी पार्टी को कोई नहीं जानता है। दिल्ली में 10 साल केजरीवाल मुख्यमंत्री रहे तो उनका नाम बिहार के लोगों ने जरूर सुना होगा। लेकिन, उनकी पार्टी का बिहार में कोई वजूद नहीं है।

क्या बोले थे केजरीवाल?

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को यह ऐलान किया है कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में इंडी अलायंस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। आप अकेले ही अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। केजरीवाल ने कहा है कि इंडी अलायंस के साथ गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था। विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेंगे।

'8 करोड़ वोटर्स का वेरिफिकेशन संभव नहीं'

दूसरी ओर चुनाव आयोग के साथ इंडी गठबंधन प्रतिनिधिमंडल की बैठक पर कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के व्यवहार से हम लोग संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि, हमने अपनी बातें रखी और कठिनाइयों को उजागर किया। आठ करोड़ मतदाताओं का सत्यापन एक महीने के भीतर नहीं किया जा सकता। जो लोग बाहर रहते हैं, जैसे मजदूरी, नौकरी या व्यवसाय के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, उन्हें आप कितना दौड़ाएंगे। इसके लिए समय चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि 2003 में भी चुनाव आयोग ने वेरिफिकेशन का काम किया था। तब एक साल लोकसभा चुनाव और दो साल विधानसभा चुनाव के लिए समय बाकी था। बिहार का अधिकतर इलाका बाढ़ के कारण डूबा रहता है। ऐसे में एक माह के भीतर वोटर लिस्ट में वेरिफिकेशन कैसे पूरा होगा, यह संभव नहीं है।

Created On :   3 July 2025 10:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story