कैबिनेट विस्तार: बिहार में आज शाम हो सकता है कैबिनेट विस्तार, इन विधायकों को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह

बिहार में आज शाम हो सकता है कैबिनेट विस्तार, इन विधायकों को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह
  • आज शाम बिहार कैबिनेट का विस्तार
  • भाजपा नए चेहरों को दे सकती है मौका
  • 2020 के फॉर्मूला पर विभागों का बंटवारा संभव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में लंबे समय से अटका कैबिनेट विस्तार आखिरकार आज होने जा रहा है। पहले चर्चा थी कि 14 मार्च को ही नीतीश सरकार का कैबिनेट विस्तार हो जाएगा लेकिन, कुछ वजहों से इसे कल टाल दिया गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक, आज शाम 6:30 बजे तक कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। खबर है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आलाकमान ने अपने तरफ से मंत्रियों की सूची प्रदेश इकाई को सौंप दी है। कहा जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने रणनीतिक दृष्टिकोण से मंत्रियों की सूची बनाई है। माना जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर 2020 का फॉर्मूला अपनाया जाएगा। आपको बता दें कि 2020 में भाजपा के पास 23 विभाग थे वहीं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पास 19 विभाग थे।

बीजेपी की तरफ से इन नामों की चर्चा

खबरों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी इस बार बिहार के मंत्रिमंडल में अपनी पार्टी से कुछ नए चेहरों को मौका दे सकती है। नीतीश मिश्रा, श्रेयसी सिंह, दिलीप जायसवाल और हरिभूषण ठाकुर बचौल के नाम नए चेहरों में प्रमुखता से लिया जा रहा है। वहीं पुराने चेहरों में रामप्रीत पासवान, नितिन नवीन, नारायण प्रसाद, रामसूरत राय और जनक राम जैसे नामों की चर्चा है। आपको बता दें कि बिहार कैबिनेट में 36 मंत्री हो सकते हैं। फिलहाल कैबिनेट में नीतीश सहित 9 मंत्री ही हैं। चर्चा है कि 2020 के फॉर्मूले पर ही भाजपा और जेडीयू के बीच विभागों का बंटवारा किया जाएगा।

जेडीयू के पाले से इन नामों की चर्चा

नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की बात करें तो यहां से पुराने चेहरों को दोहराने की संभावना जताई जा रही है। नीतीश कुमार सीएम हैं और गृह मंत्रालय सहित कुछ अन्य विभागों को भी वही देख रहे हैं। इसके अलावा विजय चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार पहले से ही जेडीयू कोटा से मंत्री हैं। जेडीयू के पुराने चेहरों में अशोक चौधरी, सुनील कुमार, लेसी सिंह, जमा खान, जयंत राज और रत्नेश सदा जैसे नामों की चर्चा है।

Created On :   15 March 2024 10:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story