कांग्रेस का घोषणा पत्र: पीएम मोदी ने मुस्लिम लीग की सोच से की तुलना, पार्टी के सिद्धांत और नीतियों पर भी उठाए सवाल

पीएम मोदी ने मुस्लिम लीग की सोच से की तुलना, पार्टी के सिद्धांत और नीतियों पर भी उठाए सवाल
  • कांग्रेस घोषणा पत्र पर पीएम मोदी ने उठाए सवाल
  • भ्रष्टाचार पर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा
  • अखबारों में घोटालों की खबरें छपती थीं- पीएम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस रही। उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र पर जमकर हमला बोला। साथ ही, कांग्रेस की नीतियों पर भी सवाल उठाए। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता। कांग्रेस ने ना कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा। कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी।

कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर पीएम मोदी ने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी ने एक झूठ का पुलिंदा, अपना घोषणा पत्र जारी किया है। इसके हर पन्ने से भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस भारत पर आज थोपना चाहती है।

घोषणापत्र पर वार

पीएम मोदी ने कहा कि मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर आज थोपना चाहती है। मुस्लिम लीग की छाप वाले इस घोषणा पत्र में जो बचा-कुचा हिस्सा था, उस पर वामपंथी हावी हो गए हैंं। आज कांग्रेस के पास न सिद्धांत बचे हैं और न ही नीतियां बची हैं। ऐसा लग रहा है, कांग्रेस सब कुछ ठेके पर दे चुकी है, पूरी कांग्रेस पार्टी को आउट सोर्स कर चुकी है। देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। 2024 का ये चुनाव ऐसा ही एक अवसर है।

प्रधानमंत्री ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज याद ​कीजिए, कितने दशकों तक हमारे देश में जोड़-तोड़ वाली सरकारें चलीं। गठबंधन की मजबूरियां और हर किसी के अपने स्वार्थ... इन सब में देश का हित पीछे छूट गया था।

अखबारों में घोटालों की खबरें छपती थीं- पीएम

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के समय में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिला इन सभी का जीना मुश्किल हो गया था। हर दिन अखबारों में या तो घोटालों की खबरें छपती थीं या आतंकी हमलों की खबरें आती थीं। लेकिन 2014 से देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई।

भ्रष्ट्राचार पर प्रहार

पीएम मोदी ने कहा कि जनता के पैसों को लूटना ये लोग अपना खानदानी हक समझते थे। मोदी ने बीते 10 वर्षों में लूट की बीमारी का परमानेंट इलाज कर दिया है। मोदी ने इनकी लूट की दुकान का शटर गिरा दिया है। इसलिए ये बौखलाए हुए हैं। कांग्रेस पार्टी, चुनाव जीतने के लिए रैली नहीं कर रही है, भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए रैली कर रही है। ये कितना भी बोलते रहे, भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई जारी रहेगी।

पीएम मोदी ने कहा, 'आज गांव की बेटियां ड्रोन उड़ा रही हैं। आज खेल के मैदान में हमारी बेटियां कमाल कर रही हैं। आज इसरो के बड़े प्रोजेक्ट्स को महिलाएं हैंडल कर रही हैं। आज दुनिया में महिला पायलट्स का सबसे ज्यादा प्रतिशत भारत में हैं।'

Created On :   6 April 2024 11:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story