Punjab Assembly Election 2027: पंजाब बीजेपी में हुआ बड़ा बदलाव, अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अश्विनी कुमार शर्मा को सौंपी सूबे की कमान

पंजाब बीजेपी में हुआ बड़ा बदलाव, अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अश्विनी कुमार शर्मा को सौंपी सूबे की कमान
  • पंजाब बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष बने अश्विनी कुमार शर्मा
  • केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दी बधाई
  • आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लिया फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में अगला विधानसभा होने में अभी भले ही दो साल का समय बचा है लेकिन बीजेपी इसकी तैयारियों में अभी से जुट गई है। सूबे में जनाधार बढ़ाने के लिए पार्टी चुनाव के इतने समय पहले से ही फैसले ले रही है। इसी के तहत आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पठानकोट से विधायक अश्विनी कुमार शर्मा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

अश्विनी कुमार शर्मा को बीजेपी का पंजाब प्रमुख बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर कहा, 'अश्विनी कुमार शर्मा को पंजाब भाजपा का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। आपका समृद्ध अनुभव और पार्टी के प्रति अटूट प्रतिबद्धता निस्संदेह पंजाब में भाजपा की स्थिति को मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आपको इस नई जिम्मेदारी में अपार सफलता की शुभकामनाएं।'

आरएसएस के करीबी माने जाते हैं अश्विनी

भाजपा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से भी फैसले ले रही है। अश्विनी एक अनुभवी नेता हैं और पहले भी पार्टी में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। अश्विनी कॉलेज के दिनों से आरएसएस और भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े हुए थे। वह 2007 से 2010 तक पंजाब भाजपा के महासचिव भी रहे हैं।

भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को देखते हुए अश्विनी शर्मा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाना एक रणनीतिक फैसला माना जा रहा है। उन्होंने पठानकोट सीट पर अमित विज को हराकर जीत हासिल की। यह जीत 7759 वोटों के अंतर से हुई थी। भाजपा ने यह फैसला पार्टी को मजबूत करने के लिए किया है।

बता दें कि पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य की 13 सीटों में से एक भी नहीं मिली थी। चुनाव में आए इस निराशाजनक परिणाम की जिम्‍मेदारी लेते हुए सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था।

Created On :   8 July 2025 12:39 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story