Chhindwara News: विश्व प्रसिद्ध पांढुरना का गोटमार मेला, सुबह से शुरू हुई पत्थर बाजी, दोपहर तक 72 घायल

  • विश्व प्रसिद्ध पांढुरना का गोटमार मेला
  • सुबह से शुरू हुई पत्थर बाजी
  • दोपहर तक 72 घायल
डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुरना। पोला पर्व आयोजित गोटमार मेले में पांढुरना मुख्यालय पुलिस की छावनी में तब्दील हो गया। शनिवार की सुबह से ही पत्थर बाजी शुरू हो गई। दोपहर तक 72 लोग घायल हो चुके थे। शहर के जाम नदी पर सावरगांव और गुजरी चौक के बीच बड़ी पुलिया के पास परंपरा के अनुरूप गोटमार मेला शुरू हुआ। इसके पहले शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात पांढुर्णा और सावरगांव पक्ष के लोगों ने सौहार्द पूर्ण वातावरण में पलाश के पेड़ रूपी झंडे को जाम नदी के बीच में गाड़ा। इसके बाद सुबह पांच बजे से नौ बजे तक हजारों की संख्या में दोनों पक्षों के लोगों ने इस झंडे की पूजा अर्चना की। दूसरी ओर सुबह से ही चंडी माता मंदिर में भक्तों का तांता लग गया। दोपहर एक बजे तक पत्थर बाजी के चलते 72 लोग घायल हुए।
जिसमें आठ लोगों को सघन उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। मेले में शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तरह-तरह की व्यवस्थाएं की। राम मंदिर धक्के के स्टेज से जिला कलेक्टर अजय देव शर्मा, एसपी सुंदर सिंह कनेश, एडिशनल एसपी नीरज सोनी, एडीएम नीलमणि आदि अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। शहर के दोनों पक्षों के लोगों के लिए पांढुर्णा और सांवरगांव में चार मेडिकल कैंप बनाए गए। जिसमें चिकित्सा विभाग की टीम के साथ राजस्व, शिक्षा और पुलिस का अमला भी तैनात रहा। मेले के आयोजन के दौरान गुजरी बाजार, शुक्रवार बाजार, तीन शेर चौक, पंचशील चौक और शहर के आंतरिक मार्गों पर खिलौने मनिहारी,पूजा अर्चना, कपड़े आदि सामग्रियों की बड़ी संख्या में अस्थाई दुकानें भी सजी।

Created On :   23 Aug 2025 3:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story