मध्यप्रदेश: विपक्ष रावण है, संविधान की किताब दिखाकर साधु का धरते हैं वेश- मुख्यमंत्री

- कांग्रेस ने देश को पीछे धकेला, सच्चाई से मुंह मोड़ने वाली शुतुरमुर्ग
- विपक्ष भ्रम फैला रहा है, हम जनता का विश्वास जीत रहे हैं
- सबसे ज्यादा संविधान संशोधन और न्यायपालिका का अपमान कांग्रेस ने किया
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस व विपक्षी दल देश में भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने में जुटे है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विपक्ष की तुलना रावण से की और कहा कि वे संविधान की किताब दिखाकर साधु का वेश धरते हैं। कांग्रेस सबसे ज्यादा संविधान संशोधन और न्यायपालिका का अपमान करने के लिए जिम्मेदार हैं। कांग्रेस शुतुरमुर्ग की तरह आरोप लगाकर सच्चाई से मुंह मोड़ लेती है। कांग्रेस का चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने तीन तलाक, धारा 370 और दंगों के माध्यम से देश को पीछे धकेला, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा और मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाया। “वन नेशन, वन इलेक्शन” देश को और स्थायित्व देगा। शिक्षा के क्षेत्र में हमारी प्रदेष सरकार ने ऐतिहासिक कार्य करते हुए 1.5 लाख से अधिक शिक्षकों को चतुर्थ वेतनमान देने का निर्णय लिया है, जिस पर होने वाला 117 करोड़ रुपये का व्यय राष्ट्र निर्माण में एक निवेश है। मध्यप्रदेश, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है। सांदीपनी विद्यालय जैसी संस्थाएं हमारे संकल्प का उदाहरण हैं। सिंगरौली और श्योपुर में नए मेडिकल कॉलेज खोलकर 475 सरकारी मेडिकल सीटें और जोड़ी गई हैं, यह रोजगार और स्वास्थ्य सेवा दोनों के लिए क्रांतिकारी कदम है।
उन्होंने कहा मध्यप्रदेश को भाजपा की नर्सरी कहते हैं। सेवा पखवाड़ा हमारे लिए केवल कार्यक्रम नहीं है बल्कि जनसेवा का जनांदोलन है। विपक्ष जानता है कि उसका भविष्य अंधकारमय है, इसलिए वह घबराया हुआ है। हमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर घर-घर जाना है, और मोदी सरकार की साफ नीयत और नीति को बताना है। यह सेवा पखवाड़ा अपनी व्यापकता, गहराई और उद्देश्य की दृष्टि से अद्वितीय और ऐतिहासिक होगा।
विपक्ष भ्रम फैला रहा है, हम जनता का विश्वास जीत रहे हैं
हम चुनौतियों से नहीं डरते। बूथ से लेकर राष्ट्र तक समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं । क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों का लक्ष्य कार्यकर्ताओं का निर्माण है। इसलिए हमें आने वाले कार्यक्रमों से नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से युवा पीढ़ी को अवगत कराना होगा। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सेवा पखवाड़े में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के उद्देश्य को समझें और समर्पण से काम में जुट जाएं। विकसित भारत सिर्फ संकल्प नहीं, सिद्धि का मार्ग है। संकल्प लेकर पूरे समर्पण के साथ सेवा पखवाड़े में बढ़-चढ़कर भाग लें। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र है ’सेवा परमो धर्म’। प्रधानमंत्री का जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा।
Created On :   6 Sept 2025 11:14 AM IST














