Chandrapur News: चंद्रपुर में तीन सौ पचास कृषि सहायकों ने छोड़ा सरकारी वॉट्स एप ग्रुप

चंद्रपुर में तीन सौ पचास कृषि सहायकों ने छोड़ा सरकारी वॉट्स एप ग्रुप
  • खरीफ सीजन से पहले हुए वाकए से योजनाएं होंगी प्रभावित
  • चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा विरोध प्रदर्शन

Chandrapur News लंबित मांगों को लेकर राज्य भर के कृषि सहायक 5 मई से चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध के दूसरे चरण में कृषि सहायकों ने आक्रामक रुख अपनाया है। जिले के साढ़े तीन सौ कृषि सहायकों ने सरकारी वॉट्सएप ग्रुप छोड़ दिया। वर्तमान में खरीफ सीजन की तैयारियां चल रही हैं। सीजन के शुरुआत में कृषि सहायकों ने सरकारी वॉट्सएप ग्रुप छोड़ दिया जिससे कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। कृषि सहायक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर कृषि सहायक संगठन ने 5 मई से धरना शुरू कर दिया है। विरोध के पहले चरण में तहसील कृषि अधिकारी कार्यालय पर काला रिबन बांधकर आंदोलन किया गया।

उपविभागीय स्तर पर धरना देकर मांगों का ज्ञापन दिया गया। हालांकि, इस आंदोलन का संज्ञान नहीं लिया गया। इसलिए कृषि सहायकों ने आंदोलन का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। दूसरे चरण में कर्मचारी सरकारी वॉट्सएप ग्रुप छोड़ रहे हैं। चंद्रपुर जिले के साढ़े तीन सौ कर्मचारियों ने सरकारी वॉट्सएप ग्रुप छोड़ दिया। इससे कृषि क्षेत्र में भारी व्यवधान उत्पन्न हो गया है। तीसरे चरण में तहसील कृषि अधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उपविभागीय कृषि अधिकारियों को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

महाराष्ट्र राज्य कृषि सहायक संगठन के महासचिव चंद्रकांत कोतपल्लीवार के नेतृत्व में चंद्रपुर में आंदोलन किया गया। इस अवसर पर शीतल मोहुर्ले, रोशन पवार, विजय खुटे, प्रीतम मडावी सहित बड़ी संख्या में कृषि सहायक शामिल हुए। कृषि सहायता संगठन ने बताया कि अगले चरण में सामूहिक अवकाश, ऑनलाइन कार्य का बहिष्कार और अनिश्चितकालीन काम बंद किया जाएगा।


Created On :   9 May 2025 3:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story