गड़चिरोली: पुलिस और नक्सलियों में हुई जोरदार मुठभेड़, दोनों ओर से चली अंधाधुंध गोलियां

पुलिस और नक्सलियों में हुई जोरदार मुठभेड़, दोनों ओर से चली अंधाधुंध गोलियां
  • भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद
  • अंधाधुंध गोलियां चली

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली. लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए जिला पुलिस विभाग ने जिले से सटे सीमावर्ती इलाकों में रेड अलर्ट की घोषणा कर दी है। आए दिन नक्सली गतिविधियों पर नजर रखते हुए नक्सल खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच बुधवार, 27 मार्च की शाम जिले के छग सीमा पर स्थित भूमकन जंगल परिसर में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गश्त अभियान को तीव्र कर दिया। जैसे ही पुलिस नक्सलियों के ठिकाने पर पहुंची, नक्सलियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस जवानों द्वारा भी गोलियां दागने के कारण नक्सली घने जंगलों में फरार हो गये। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर नक्सली सामग्री बरामद कर ली है।

इस संदर्भ में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एटापल्ली तहसील के कसनसुर, धानोरा तहसील के चातगांव और छत्तीसगढ़ राज्य के औंधी दलम के कुछ नक्सली महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर स्थित भूमकन जंगल परिसर में होने की जानकारी पुलिस को मिली। इस आशय की गुप्त जानकारी मिलते ही गड़चिरोली के अपर पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता (प्रशासन) के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल (सी-60) के 8 दल और सीआरपीएफ की एक क्यूएटी टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। जंगल परिसर में नक्सल खोज अभियान चलाते समय ही घने जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पुलिस दल पर अचानक गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस बीच नक्सलियों ने पुलिस दल पर बीजीएल से भी फायर किया। लेकिन अभियान दल के जवानों ने नक्सलियों का डटकर सामना किया। इस बीच पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली घने जंगलों में फरार होने में कामयाब हुए।

गुरुवार की सुबह घटनास्थल पर सर्चिंग अभियान चलाने पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद कर ली है। जिसमें नक्सलियों के रोजमर्रा के सामग्रियों के साथ वायर, जिलेटिन, जिलेटिन स्टीक्स, बैटरी, सोलर पैनल आदि शामिल है। घटनास्थल परिसर में नक्सलियों के मौजूदगी की संभावना होने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने भुमकन जंगल परिसर में नक्सल खोज अभियान को और अधिक तीव्र करने के आदेश दिए हैं।

आठ दिनों में दूसरी मुठभेड़

लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जिले में नक्सली गतिविधियां तेज हो गयी हंै। इसके पूर्व गत 19 मार्च को अहेरी तहसील के कोलामार्का जंगल परिसर में नक्सलियों और पुलिस के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में चार नक्सलियों को ढेर करने में सुरक्षाबल सफल भी हुए थे। इस मुठभेड़ के बाद अब भुमकन जंगल परिसर में एक बार फिर नक्सलियों के साथ जोरदार मुठभेड़ हुई है।

Created On :   29 March 2024 12:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story