- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- अर्बन नक्सलवाद के नाम पर आमजनों की...
Gadchiroli News: अर्बन नक्सलवाद के नाम पर आमजनों की आवाज दबाने जनसुरक्षा विधेयक किया लागू : देशमुख

- पूर्व गृहमंत्री ने कहा, पूरे प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा
- राज्य में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रहीं
Gadchiroli News पूरे प्रदेश में इन दिनों अपराध और भ्रष्टाचार अपनी चरम पर पहुंच गया है। राज्य में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रहीं हैं। भाजपा सरकार जब से सत्ता में आयी है तभी से दिन-दहाड़े हत्या, महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ गयीं हैं। अर्बन नक्सलवाद के नाम पर किसानों और आम नागरिकों का आवाज दबाने के लिए इस सरकार ने जनसुरक्षा विधेयक लागू किया है। इस आशय का गंभीर आरोप राकांपा (शरद गुट) के नेता और राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार, 29 जुलाई को गड़चिरोली में संपन्न एक पत्र परिषद में लगाया।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि, राज्य में अब ईडी का उपयोग राजनीतिक बदला लेने के लिए किया जा रहा है। ईडी अपने मूल उद्देश्य से पूरी तरह भटक गयी है। इसके सारे सूत्र राज्य के मुखिया संभाल रहे हंै। 2024 के विधानसभा चुनाव में फडणवीस ने राज्य में सत्ता आते ही किसानों का पूरा कर्ज माफ करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक यह आश्वासन पूर्ण नहीं किया गया। लाडली बहनों को प्रति माह 2100 रुपए देने की घोषणा भी इस सरकार ने दी थी। लेकिन अब तक किसी भी बहन के खाते में 2100 रुपए जमा नहीं किए। बाढ़, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से राज्य के किसान आत्महत्या कर रहे हंै। लेकिन इस सरकार का किसानों की ओर कोई ध्यान नहीं है।
गड़चिरोली जिले में गत दिनों में बाढ़ के चलते किसानों की फसलों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ लेकिन अब तक नुकसान का पंचनामा पूर्ण नहीं किया गया है। जिले में खाद और कीटनाशकों की कमी से किसानों को जूझना पड़ रहा है। अपने धान की सरकारी केंद्रों में बिक्री करने वाले किसानों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है और न ही किसानों को बोनस की राशि वितरित की गयी। राज्यभर के ठेकेदारों के तकरीबन 90 हजार करोड़ रुपए का भुगतान भी इस सरकार ने अब तक नहीं किया। सरकार की इसी नीति के कारण गड़चिरोली समेत समूचे राज्य का विकास प्रभावित होने लगा है। इस आशय का आरोप भी अनिल देशमुख ने पत्र परिषद में लगाया। पत्र परिषद में राकांपा (शरद गुट) के नेता राजेंद्र शिंगणे, अतुल वांदिले, भाग्यश्री आत्राम, जिलाध्यक्ष अतुल गण्यारपवार, शाहीन हकिम, सुरेश पोरेड्डीवार, विजय गोरडवार आदि उपस्थित थे।
Created On :   30 July 2025 2:18 PM IST