Gadchiroli News: गड़चिरोली के मुलचेरा के बाद अब अहेरी में पैर पसारने लगा डेंगू, मिले 29 संक्रमित

गड़चिरोली के मुलचेरा के बाद अब अहेरी में पैर पसारने लगा डेंगू, मिले 29 संक्रमित
  • आलापल्ली में 125 बेड का डेंगूू अस्पताल शुरू
  • स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट

Gadchiroli News दक्षिण गड़चिरोली के मुलचेरा तहसील में डेंगू का प्रकोप बढ़ने के बाद अब अहेरी तहसील में भी डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। गुरुवार को तहसील के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित कुल 29 मरीज भर्ती होने की जानकारी स्वयं स्वास्थ्य विभाग ने दी है।

इस बीच लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अब अलर्ट मोड पर काम करते देखा जा रहा है। तहसील के आलापल्ली में 125 बेड क्षमता का विशेष डेंगू अस्पताल शुरू करने का नियोजन विभाग ने किया है। यह अस्पताल शुक्रवार से मरीजों की सेवा में शुरू होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अहेरी तहसील के नागेपल्ली स्थित सेवा सदन अस्पताल में 15 मरीज तो अहेरी के उपजिला अस्पताल में 11, देवलमरी के प्राथमिक चिकित्सालय 1, लगाम 1 और अन्य एक मरीज पर उपचार शुरू है। इन मरीजों में अहेरी के 5, देवलमरी 1, महागांव 4, चिंचगुंड़ी 1, देवलमरी 1, कन्नेपल्ली 3, वडलापेठ 1, कोत्तूर 1, आलापल्ली 5, मोद्दूमडगु 4, किष्टापुर 1, राजाराम 1 और येंकापल्ली गांव के 1 मरीज का समावेश है। इन सभी मरीजों को पहले बुखार की शिकायत की थी। वैद्यकीय जांच के बाद वे डेंगू संक्रमित पाए जाते ही सभी मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में बारिश के दिन शुरू होने के कारण डेंगू के मच्छरों की संख्या बढ़ने लगी है।

मुलचेरा तहसील के बाद अब अहेरी तहसील में भी डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रहीं है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव-गांव में पहंुचकर जनजागृति कार्य के साथ दवाई छिड़काव का कार्य शुरू किया है। अस्पताल में भर्ती सभी 29 मरीजों की हालत खतरे से बाहर होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने दी है। लेकिन लगातार बढ़ रहें मरीजों की संख्या के चलते आम नागरिकों में भयपूर्ण माहौल निर्माण हुआ है।

अब तक 6 लोगों की मृत्यु : मुलचेरा तहसील में डेंग्यू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्तमान में इस तहसील में 135 से अधिक मरीज डेंग्यू संक्रमित पाये गये है। वहीं डेंग्यू के चलते अब तक 6 लोगों की मृत्यू भी हुई है। डेंग्यू और मलेरिया का प्रकोप रोंकने के लिए राज्य सरकार ने पद्मश्री डा. अभय बंग की अगुवाई में विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टास्क फोर्स ने आगामी 3 वर्ष के लिए उपाययोजना भी निर्धारित कर रखी है। लेकिन डेंग्यू व मलेरिया का प्रकोप थमने के बजाएं और अधिक बढ़ रहा है। जिसके चलते इस टास्क फोर्स की भूमिका पर भी अब सवालियां निशान अंकित किया जा रहा है।


Created On :   22 Aug 2025 3:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story