- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- गड़चिरोली के चामोर्शी शहर की दहलीज...
Gadchiroli News: गड़चिरोली के चामोर्शी शहर की दहलीज पर पहुंचा टस्कर हाथी, खेतों में मचाया उत्पात

- मकान काे भी किया ध्वस्त
- धान की फसल को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया
Gadchiroli News झुंड से भटका एक टस्कर हाथी इन दिनों चामोर्शी तहसील के विभिन्न गांव परिसर में उपद्रव मचा रहा है। सोमवार, 4 अगस्त की रात 9 बजे के दौरान यह टस्कर हाथी चामोर्शी शहर की दहलीज पर पहुंच गया। चामोशी-गड़चिरोली महामार्ग से होते हुए इस हाथी ने ओल्लालवार पेट्रोल पंप के समक्ष एक किसान के खेत में प्रवेश कर लिया। जहां इस हाथी ने पहले मकान की एक दीवार को ध्वस्त किया जिसके बाद खेत में लगायी गयी धान की फसल को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हाथी ने इसी तहसील के भाड़भिड़ी परिसर की ओर पलायन करने की जानकारी मिली है।
जानकारी के अनुसार, चामोर्शी निवासी शंकर बोदलकर नामक किसान का खेत चामोर्शी-गड़चिरोली महामार्ग के ओल्लालवार पेट्रोल पंप के समक्ष है। उन्हाेंने अपने खेत में मछली पालन और मिनी पोल्ट्री फार्म भी शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने एक मकान का निर्माणकार्य खेत में किया है।
सोमवार की रात 9 बजे के दौरान चामोर्शी शहर की सीमा में प्रवेश करने वाले टस्कर हाथी ने मुख्य मार्ग से होते ही उन्हीं के खेत में प्रवेश किया। जहां हाथी ने पहले मकान के एक दीवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस घटना में किसान बोदलकर को काफी नुकसान हुआ जिसके बाद हाथी ने उनके खेत में प्रवेश करते हुए धान की फसल को रौंद दिया। मंगलवार की सुबह वनविभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया। इस बीच टस्कर हाथी का लाइव लोकेशन भाड़भिड़ी परिसर में होने की जानकारी वनविभाग ने दी है।
Created On :   6 Aug 2025 1:53 PM IST