नुकसान: गड़चिरोली में ही घूम रहे जंगली हाथियों ने आंबेिशवणी के खेतों में जमकर मचाया उत्पात

गड़चिरोली में ही घूम रहे जंगली हाथियों ने आंबेिशवणी के खेतों में जमकर मचाया उत्पात
  • किसानों और नागरिकों में दहशत
  • 6 एकड़ खेत में लगी धान की फसल को किया तहस-नहस
  • नुकसानग्रस्त किसानों को तत्काल वित्तीय मदद की मांग

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। जंगली हाथियों का झुंड अब जिला मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर है। रविवार की रात हाथियों के झुंड ने तहसील के आंबेशिवणी गांव से सटे खेतों में प्रवेश करते हुए धान की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचाया। करीब 6 एकड़ खेत में लगी धान की फसल को हाथियों ने तहस-नहस कर दिया है। इस कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सोमवार को वनविभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा किया। इस बीच वनविभाग की टीम ने लोगों से रात के समय खेतों में न जाने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड देसाईगंज वनविभाग के तहत आने वाले कुरखेड़ा, देसाईगंज व आरमोरी तहसील में विचरण कर रहा था। दो दिन पूर्व हाथियों का झुंड विचरण करते हुए जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर पोर्ला वन परिक्षेत्र में दाखिल हुआ।

देखते ही देखते यह झुंड अब जिला मुख्यालय के करीब पहुंच गया है। रविवार की रात को हाथियों के झुंड ने आंबेशिवणी गांव के खेत परिसर में प्रवेश किया। जहां पर हाथियों ने आंबेशिवणी निवासी प्रेमिला पुंडलिक मस्के समेत अन्य किसानों के खेतों में प्रवेश करते हुए कुल 6 एकड़ खेत में लगी धान की फसल को तहस-नहस कर दिया। इस बीच नुकसानग्रस्त किसानों ने तत्काल वित्तीय मदद के साथ हाथियों के झुंड को क्षेत्र से खदेड़ने की मांग की है।

बारिश से सब्जी की फसलों काे पहुंची क्षति : गड़चिरोली. मौसम विभाग ने गड़चिरोली जिले में बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए चार दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। इस बीच सोमवार तड़के जिलेभर में जमकर बारिश होने की जानकारी है। जिला मुख्यालय में करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच यह बारिश होने से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। इस बीच सोमवार की शाम आसमान में काले बादल छाने लगे। हल्की हवा भी चलने लगी थी। लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम के अचानक बदलने से रबी उत्पादक किसान एक बार फिर चिंता में पड़ गए हंै। सोमवार तड़के हुई बारिश के कारण विभिन्न प्रकार के सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। वहीं धान की फसल पर कीटों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार, 23 अप्रैल को भी जिले में बारिश हो सकती है। इस कारण किसानों से सतर्कता बरतने की अपील भी की गयी है।

Created On :   23 April 2024 11:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story