- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- गोंदिया में किसानों के खाते में धान...
Gondia News: गोंदिया में किसानों के खाते में धान का बोनस होने लगा ट्रांसफर

- बेचे गए धान के 375 करोड़ 66 लाख अभी तक नहीं मिले
- 70 करोड़ मिले, लेकिन सभी किसानों के लिए अभी भी 10 करोड़ की जरूरत
Gondia News किसानों के खाते में धान का बोनस ट्रांसफर होने लगा है। सरकार से 70 करोड़ मिले हैं, लेकिन सभी किसानों के लिए अभी भी 10 करोड़ की जरूरत है। वहीं इस वर्ष रबी मौसम में मार्केटिंग फेडरेशन के धान खरीदी केंद्रों पर बिक्री करनेवाले किसानों के भुगतान के बकाया 375 करोड़ 66 लाख रुपए अब तक नहीं मिले हैं। महाराष्ट्र सरकार ने खरीफ मौसम 2024-25 में सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर धान की बिक्री के लिए पंजीयन करानेवाले किसानों को 20 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से 2 हेक्टेयर की मर्यादा तक प्रोत्साहन राशि अर्थात बोनस देने की घोषणा की थी।
जिसके तहत महाराष्ट्र मार्केटिंग फेडरेशन के धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री के लिए पंजीयन करनेवाले 1 लाख 30 हजार 488 किसान बोनस के लिए पात्र पाए गए थे। जिन्हें बोनस के रूप में 247 करोड़ 11 लाख 46 हजार 380 रुपए वितरित किए जाने थे। लेकिन सरकार ने लगभग एक माह पूर्व जिले के किसानों को वितरित करने के लिए 180 करोड़ 61 लाख 53 हजार 380 रुपए की निधि उपलब्ध कराई। इस राशि से लगभग 90 हजार किसानों के खाते में बोनस की राशि हस्तांतरित की गई। जिसके बाद भी 40 हजार के करीब किसान बोनस की राशि से वंचित थे। इसके बाद 31 जुलाई को राज्य सरकार ने किसानों को बोनस के लिए फिर से 70 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई है। इससे बोनस की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को भारी राहत मिली है।
बोनस वितरण के लिए राशि जून माह में उपलब्ध कराई गई। लेकिन वह भी संपूर्ण राशि एक साथ नहीं मिलने के कारण लगभग 40 हजार किसान बोनस की राशि से वंचित रह गए। अब फिर दो माह बाद 70 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए हैं। जिसके बाद अब शेष किसानों के खाते में बोनस की राशि जमा कराने का काम शुरू कर दिया गया है। जिला मार्केटिंग अधिकारी विवेक इंगले का कहना है कि इसके बावजूद लगभग 10 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आवश्यकता सभी किसानों को बोनस की राशि उपलब्ध कराने के लिए है। शेष राशि भी जल्द ही उपलब्ध होकर जिले के सभी किसानों को बोनस की राशि मिल जाने की उम्मीद है।
Created On :   5 Aug 2025 2:18 PM IST