Gondia News: पर्यावरण दिवस पर रोपे पौधे दूसरे ही दिन मवेशियों का बने शिकार

पर्यावरण दिवस पर रोपे पौधे दूसरे ही दिन मवेशियों का बने शिकार
  • नहीं किए सुरक्षा के इंतजाम
  • नप ने 10 से 11 फीट ऊंचे पौधे रोपे थे

Gondia News पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधों का रोपण करने का आव्हान करते हुए पर्यावरण दिवस पर हजारों पौधों का रोपण किया गया। गोंदिया नगर परिषद में भी 10 से 11 फीट ऊंचे पौधों का रोपण तो किया, लेकिन रोपे गए पौधों का संवर्धन करने का नियोजन नहीं किया गया। जिस कारण रोपे गए पौधों की दुर्दशा दूसरे दिन से ही शुरू हो गई है। आवारा मवेशी इन पौधों को अपना निशाना बना रहे हैं। शहरवासियों ने मांग की है कि पौधों का संवर्धन कराने के लिए पाइप या जाली का उपयोग कर आंधी व मवेशियों से बचाया जाए।

बता दें कि एक ओर 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस बड़े धूमधाम से पौधारोपण कर मनाया गया। यहां तक की इस दिन पर्यावरण को संतुलन बनाए रखने के लिए प्लास्टिक कचरा निर्मूलन तथा परिसर की स्वच्छता भी की गई। एक पेड़ मां के नाम इस तरह का अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत हजारों की संख्या में पौधों का रोपण किया जा रहा है।

इसी तरह गोंदिया नगर परिषद द्वारा भी पौधों का रोपण किया गया, लेकिन जिस तरह से रोपण करने के लिए पौधों को चुना गया है, वे पौधे 10 से 11 फीट ऊंचे होने से उनका संवर्धन करना गोंदिया नगर परिषद के लिए ही सिरदर्द बन गया है। जिस स्थान पर पौधों का रोपण किया गया है, उसके दूसरे दिन ही पौधों की दुर्दशा देखने को मिल रही है। आवारा मवेशी इन पौधों को अपना निशाना बना रहे हैं, वहीं पौधों को पाइप या सुरक्षा जाली का संरक्षण नहीं होने के कारण आंधी से टूटने का डर बना हुआ है। हालांकि अनेक पेड़ अभी से ही जमीन की ओर झुकना शुरू हो गए है।

Created On :   7 Jun 2025 4:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story