Nagpur News: मनपा चुनाव , भाजपा के लिए कई प्रभाग अभी भी बने हुए हैं चुनौतीपूर्ण

मनपा चुनाव , भाजपा के लिए कई प्रभाग अभी भी बने हुए हैं चुनौतीपूर्ण
  • ओबीसी सीटों का परिणाम रहा निराशाजनक
  • ओबीसी आरक्षण का विषय चर्चा में

Nagpur News मनपा में सत्ता का डेढ़ दशक से नेतृत्व कर रही भाजपा के लिए अभी भी कुछ मामलों में स्थिति चुनौतीपूर्ण व निराशाजनक बनी हुई है। 2017 के चुनाव में पार्टी को बड़ी जीत मिली थी। 151 में से 108 सीटें उसने जीती थीं, लेकिन 7 प्रभागों में उसके एक भी उम्मीदवार जीत नहीं पाए थे। निष्कर्ष रहा कि सामाजिक आधार पर मतों का समीकरण कुछ स्थानों पर भाजपा को निराश कर गया। अनुसूचित वर्ग व अल्पसंख्यक समुदाय के अधिक मतदान क्षेत्र में भाजपा पिछड़ गई। ओबीसी आरक्षण का विषय चर्चा में है। ओबीसी आरक्षण को लेकर ही मनपा का चुनाव लंबित रह गया था। खास बात यह है कि भाजपा को मनपा में ओबीसी के लिए आरक्षित सीटों पर भी अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई थी। ऐसी स्थिति में पार्टी ने प्रभागों व सीटों का वर्गीकरण करके उसके पक्ष में कमजोर रही सीटों पर जीत का गणित सफल करने की रणनीति पर काम कर रही है।

इन प्रभागों में मिली हार

उत्तर नागपुर : भाजपा को जिन 7 प्रभागों में जीत नहीं मिली, उनमें 3 प्रभाग उत्तर नागपुर विधानसभा क्षेत्र के थे। प्रभाग क्रमांक 2, 6 व 7 शामिल हैं। प्रभाग क्रमांक 2 अंतर्गत नारी गांव, सुगत नगर, उप्पलवाड़ी से लेकर मिसाल ले-आउट की बस्तियां आती हैं। प्रभाग क्रमांक 6 में महेंद्र नगर, यादव नगर, नई बस्ती टेका, सिद्धार्थ नगर, वैशाली नगर से लेकर बाबा बुद्धाजी नगर परिसर आता है। प्रभाग क्रमांक 7 में न्यू इंदोरा झोपड़पट्टी, चाॅक्स कालोनी, बुद्ध नगर, पांचपावली, मोतीबाग क्षेत्र आता है। इन प्रभागों में बसपा व कांग्रेस ने बाजी मारी।

पश्चिम नागपुर : प्रभाग क्रमांक 10 भी भाजपा को निराश कर गया। इस प्रभाग में बोरगांव, दिनशा फैक्टरी, पागलखाना, मानकापुर, पुलिस लाइन टाकली, अवस्थी नगर सहित अन्य बस्तियां आती हैं। इनमें चारों सीटें कांग्रेस ने जीतीं।

उत्तर व पश्चिम नागपुर : विधानसभा क्षेत्र सीमा के प्रभाग 9 में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। इनमें बेझनबाग, मेकोसाबाग, गड्डीगोदाम, मोहन नगर, मंगलवारी बाजार सदर क्षेत्र आता है।

मध्य नागपुर : प्रभाग क्रमांक 8 व दक्षिण-पश्चिम के प्रभाग क्रमांक 38 में भाजपा पराजित हुई। प्रभाग 8 में बोरियापुरा, अंसार नगर, मेयो अस्पताल परिसर, गोलीबार चौक परिसर की बस्तियों का समावेश है। प्रभाग 38 में कल्याण नगर, वासुदेव नगर, हिरणवार ले-आउट, टाकली सिम, हिंगणा नाका परिसर, शिवणगांव, एकात्मता नगर का समावेश है।

आरक्षित सीटों पर भाजपा की जीत का आंकड़ा : अनुसूचित जाति-15 में से 13, अनुसूचित जनजाति-6 में 5, ओबीसी-20 में 7, सामान्य वर्ग-34 में 25, अनुसूचित जाति महिला-15 में 9, अनुसूचित जनजाति महिला-6 में 5, ओबीसी महिला-21 में 19 व सामान्य वर्ग महिला-34 में से 25 सीटों पर जीत दर्ज की।


Created On :   5 July 2025 2:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story