- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के होमगार्डस दोबारा...
Nagpur News: नागपुर के होमगार्डस दोबारा संभालेंगे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था की कमान
Nagpur News शहर की यातायात पुलिस के साथ दोबारा नागपुर में तैनात किए गए 500 होमगार्डस ट्रैफिक की व्यवस्था को संभालेंगे। इसके पहले उन्हें 10 सितंबर से 10 अक्टूबर तक शहर में बंदोबस्त के लिए तैनात किए जाने की अनुमति मिली थी, जो 10 अक्टूबर को समाप्त हो गई। यह अनुमति समाप्त होने से पहले ही पुलिस आयुक्तालय की ओर से शहर में तैनात 500 होमगार्डस की समय सीमा काे बढ़ाने की गुजारिश की गई थी, जिसे मंजूरी मिल गई है।
अब यह होमगार्डस 10 नवंबर 2025 तक शहर में ही तैनात रहकर कार्य करेंगे। जो शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत संचालित हो रहे 10 पुलिस यातायात परिमंडलों में पार्किंग नो पार्किंग , स्पीड लिमिट व फुटपाथ फ्री जोन अभियान की कार्रवाई के लिए 400 पुरुष और 100 महिला सहित 500 होमगार्डस को यातायात सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए थे। इनकी समय सीमा पूरी होने के बाद शहर पुलिस आयुक्तालय ने इन सभी होमगार्डस की दोबारा समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की थी, जिसे होमगार्ड विभाग की ओर से अनुमति दिए जाने पर उनकी समय सीमा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार 500 होमगार्डस को नागपुर शहर में विविध त्यौहारों के समय 9 सितंबर से 10 अक्टूबर तक एक माह के लिए बंदोबस्त में लगाया गया था, 10 अक्टूबर को यह समय सीमा समाप्त हो गई थी, इस समय सीमा के समाप्त होने से पहले ही पुलिस आयुक्तालय ने इन होमगार्डस को दीवाली जैसे त्यौहार के मद्देनजर रखते हुए एक माह की समय सीमा बढ़ाने की गुजारिश पुलिस आयुक्तालय ने प्रशासन से की थी। इसके चलते अब होमगार्डस की समय सीमा को 10 नवंबर 2025 तक कर दिया गया है, जिससे होमगार्डस के चेहरे पर काम मिलने से खुशी लौट आई है।
भीड़ वाले इलाके में मिलेगी राहत : नागपुर में सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात की समस्या का समाधान हो सकेगा। इस कार्य में नागपुर शहर यातायात पुलिस प्रशासन की सहायता के लिए यातायात नियंत्रण के लिए नागपुर पुलिस विभाग में 400 पुरुष और 100 महिला होमगार्ड जवानों की दोबारा से नियुक्ति की गई है। शासन द्वारा की गई इस व्यवस्था यातायात पुलिस मुख्यालय के पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी द्वारा नागपुर के कॉटन मार्केट, इंदौरा, लकड़गंज, कामठी , सोनेगांव यातायात मंडल कार्यालयों को यातायात और अतिक्रमण नियंत्रण कार्य के लिए सौंप दिया गया है। चूंकि नागपुर यह मुख्यमंत्री का शहर भी है, इसलिए राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नागपुर शहर के दौरे पर आने वाले अन्य अतिविशिष्ट व्यक्तियों को नागपुर की प्रमुख और छोटी सड़कों, सिग्नलों और बाज़ारों में यातायात प्रबंधन के लिए यातायात पुलिस कर्मियों की कमी पड़ती है, जिसके चलते होमगार्डस नियुक्त किए जाते हैं।
इन जगहों पर लगती है भीड : दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान नागपुर के इतवारी, महल, गांधीबाग, कॉटन मार्केट, कमल चौक में भीड़भाड़ वाले बाजार में हर 15 मिनट में लगने वाले ट्रैफिक जाम और अनाधिकृत अतिक्रमण के कारण क्षेत्र के दुकानदार और अन्य नागरिक ट्रैफिक जाम को लेकर काफी नाराज रहते थे। इस क्षेत्र में चलने वाले ऑटो-ई-रिक्शा और बाहरी यात्रियों की भीड़ के कारण दो से तीन घंटे तक ट्रैफिक जाम रहता था, जिससे नागरिकों को काफी असुविधा होती थी। हालांकि, जब से इतवारी, मारवाडी चौक, शहीद चौक, तांगा स्टैंड चौक, गांधी पुतला चौक, बड़कस चौक व महल जैसे बाजारों में होमगार्ड के जवान तैनात हुए हैं, तब से वह , वहां पर फेरीवालों के अनाधिकृत अतिक्रमण हटा रहे हैं, पैदल यात्रियों और निजी चार पहिया वाहनों के साथ-साथ ई-रिक्शा-ऑटो-रिक्शा और अन्य दोपहिया वाहनों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम को हल कर रहे हैं। स्थानीय नागरिक और व्यापारी और दुकानदार अब होमगार्ड के जवानों के समर्पित कार्य की प्रशंसा और सराहना कर रहे हैं।
Created On :   11 Oct 2025 5:38 PM IST