Nagpur News: रामझूला में आईं दरारें, गारंटी पीरियड में ही दम तोड़ रहे शहर के पुल

रामझूला में आईं दरारें, गारंटी पीरियड में ही दम तोड़ रहे शहर के पुल
  • 4 इंच तक का अंतर मानकों से अधिक
  • प्रशासन के कामचलाउ काम की पोल खुली
  • सबसे व्यस्त पुल का ये हाल चिंता में डाला

Nagpur News शहर के सबसे चर्चित रामझूला फ्लाई आेवर में दो जगह दरारें आ गई हैं। एक जगह 4 इंच चौड़ी व दूसरी जगह 3 इंच चौड़ी दरार पड़ने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। एक जगह पेस्ट व रबर लगाकर गैप बंद करने की कोशिश की गई, लेकिन पेस्ट व रबर निकलने से प्रशासन के कामचलाउ काम की पोल खुल गई है।

निर्माण कार्य से ही सुर्खियों में : रामझूला शहर का सबसे व्यस्त फ्लाई आेवर है। शहर के पूर्व व पश्चिम क्षेत्र को जोड़ने वाला यह सबसे अहम पुल अपने निर्माणकार्य से ही सुर्खियों में रहा है। तीन साल में पूरा होने वाले प्रोजेक्ट में 8 साल से ज्यादा का वक्त लग गया था। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (एमएसआरडीसी) की निगरानी में इसका निर्माण एफकॉन्स कंपनी ने किया था। रामझूला अभी गारंटी पीरियड में है, लेकिन इसकी मरम्मत व दुरुस्ती की जिम्मेदारी मनपा प्रशासन के हवाले है। पेस्ट व रबर के साथ रेत-मिट्टी डालकर गैप बुझाने की कोशिश कुछ दिन पूर्व की गई थी। अब पेस्ट व रबर निकलने से रेत व मिट्टी भी खिसक गई है। कुछ जगह पर पेस्ट व रबर बचा हुआ है। इसी तरह दूसरी दरार 4 इंच चौड़ी है। दरार आर-पार दिखाई देती है। दो स्पैन के बीच 40 एमएम तक गैप रह सकती है, लेकिन ये गैप मानकों से ज्यादा होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

मनपा को सूचित किया जाएगा : एमएसआरडीसी के सूत्रों ने बताया कि रामझूला भले ही हमारी देख-रेख में बना, लेकिन इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी मनपा व मेट्रो का है। मनपा व मेट्रो को सूचना दी जाएगी।

दिग्गजों के गृह नगर में यह हाल : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के गृह नगर में पुलों में तकनीकी खामियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुटीबोरी फ्लाई आेवर व पारडी फ्लाई आेवर में दरारें आने से लोग हैरान परेशान हो गए हैं। प्रजापति नगर फ्लाई आेवर का कुछ हिस्सा उद्घाटन के दूसरे दिन ही गिर गया था। मानकापुर फ्लाई आेवर का कांक्रीट निकलने से एक स्पैन तोड़कर नया बनाया जा रहा है। सरकार गुणवत्तापूर्ण काम का दावा करती है, लेकिन ये घटनाएं सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं।

खुली पोल : एक जगह पेस्ट व रबर लगाकर गैप बंद करने की कोशिश की गई, लेकिन पेस्ट व रबर निकलने से प्रशासन के कामचलाउ काम की पोल खुल गई है।


Created On :   5 Aug 2025 4:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story