Nagpur News: वनपाल से लेकर वन क्षेत्रपाल की पदोन्नति पर उठे सवाल

वनपाल से लेकर वन क्षेत्रपाल की पदोन्नति पर उठे सवाल
  • मंत्रालय स्तर पर सांठ-गांठ की चर्चा
  • कास्ट्राइब वन विभाग कर्मचारी संगठन ने सवाल उठाये

Nagpur News नागपुर वन विभाग के वन भवन में हाल ही में वनपाल से लेकर वनक्षेत्रपाल पदोन्नति के लिए गठित समिति ने 560 वनपालों की सूची से 191 रिक्त पदों के लिए नई चयन सूची तैयार की है। इस समिति की बैठक में अतिरिक्त प्रधान मुख्य सचिव ऋषिकेश रंजन और वन मंत्रालय के सह सचिव भगवान सावंत उपस्थित थे। हालांकि, यह प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है, क्योंकि चयन में आरक्षण नीति को लेकर कास्ट्राइब वन विभाग कर्मचारी संगठन ने सवाल उठाये हैं।

यह हैं आरोप : महाराष्ट्र सरकार ने 7 मई 2021 के आदेशानुसार पदोन्नति में आरक्षण को हटाकर खुले प्रवर्ग से पद भरने का निर्देश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद, समिति ने 2014 की विभागीय स्पर्धा परीक्षा के 25 प्रतिशत कोटे के तहत अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रवर्ग के वनपालों को पदोन्नति दी है। इस प्रक्रिया में उन वरिष्ठ वनपालों को नजरअंदाज किया गया है, जिनके सेवानिवृत्ति में केवल 2-3 वर्ष बाकी हैं। कास्ट्राइब वन विभाग कर्मचारी संगठन, महाराष्ट्र राज्य ने इसे वरिष्ठ वनपालों के साथ अन्याय करार दिया है।

नियमों की अनदेखी : संगठन का आरोप है कि सरकार के नियमों की अनदेखी कर कुछ अधिकारियों ने मंत्रालय स्तर पर सांठ-गांठ के जरिए पदोन्नति प्रक्रिया को जल्दबाजी में पूरा किया है। इससे वरिष्ठ वनपालों के हितों को नुकसान पहुंचा है। संगठन ने मांग की है कि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले में हस्तक्षेप कर वरिष्ठ वनपालों के लिए न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।


Created On :   3 July 2025 12:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story