व्यवस्था: अयोध्या के लिए नागपुर से 4 विशेष ट्रेन होंगी रवाना, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अयोध्या के लिए नागपुर से 4 विशेष ट्रेन होंगी रवाना, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
  • प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 2 हजार कार्यकर्ता ले जाने का लक्ष्य
  • अयोध्या जाने के लिए लोगों में भारी उत्साह
  • भाजपा ने चलाया चलो अयोध्या अभियान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर से विविध संगठनों के कार्यकर्ता जाने की तैयारी कर रहे हैं। विशेषकर भाजपा व विहिप से जुड़े कार्यकर्ता अयोध्या गमन कार्यक्रम का नियोजन कर रहे हैं। 22 जनवरी को मुख्य समारोह होगा, लेकिन नागपुर व विदर्भ के कार्यकर्ताआें को थोड़ा इंतजार करना होगा। यहां के कार्यकर्ताओं व नागरिकों के लिए अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए 14 फरवरी का दिन तय किया गया है। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से 6 हजार व विधानसभा क्षेत्र से 2 हजार लोगों को अयोध्या ले जाने का लक्ष्य है। इसके लिए नागपुर से 4 विशेष ट्रेन रवाना होंगी। यात्रा के नियोजन की मुख्य जिम्मेदारी अयोध्या राम मंदिर न्यास कर रहा है। न्यास की ओर से यात्रा व्यवस्थापन के लिए कार्यकर्ताओं के नाम तय किए जा रहे हैं। लिहाजा, यह माना जा रहा है कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन भाजपा के विदर्भ के कार्यकर्ता अपने गृह क्षेत्र में ही विविध कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अयोध्या में मूर्ति स्थापना के बाद भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए प्रदेश भाजपा ने ‘चलाे अयोध्या’ अभियान आरंभ किया है। अभियान अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं ने विविध बस्तियों में जाकर अक्षत अर्थात न्यौता कार्यक्रम चलाया है।

विहिप की तैयारी : विश्व हिंदू परिषद ने अयोध्या में भाेजन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली है। विदर्भ से विहिप के दो भंडारे अयोध्या में महीने चलेंगे। अयोध्या दर्शन के लिए महाराष्ट्र से 68 विशेष ट्रेन चलायी जाएंगी। विश्व हिंदू परिषद के महाराष्ट्र गोवा क्षेत्र मंत्री गोविंद शेंडे के अनुसार विदर्भ के नागपुर व यवतमाल विभाग से भोजनदान की व्यवस्था की जा रही है। अयोध्या में 25 से अधिक भोजनदान कक्ष रहेंगे। उनमें विदर्भ से दो कक्ष रहेंगे। भाेजनदान सेवा के लिए स्थानीय स्तर पर अनाजदान के लिए सहयोग किया जा सकता है। यवतमाल व नागपुर विभाग एक माह तक भोजनदान सेवा देगा। नागपुर से दो ट्रक 10 जनवरी को अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। भोजनदान व्यवस्था के लिए 100 स्वयंसेवकों का समूह रहेगा। इनमें भाेजन बनाने वालों से लेकर बर्तन, पानी की व्यवस्था संभालने वाले शामिल रहेंगे। 13 फरवरी को नागपुर से विशेष ट्रेन रवाना होगी।

लोगों में उत्साह : भाजपा के शहर अध्यक्ष बंटी कुकड़े के अनुसार अयोध्या जाने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, सामान्य जनता भी स्वखर्च से अयोध्या रवाना होगी। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अलग-अलग क्षेत्र को अलग-अलग समय दिया गया है। विदर्भ प्रांत के लिए तय समय के अनुरूप यात्रा कार्यक्रम का नियोजन किया जा रहा है। इस बीच शहर में विविध मंिदराें में भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में समाज के वंचित घटक कहलाने वाले समुदाय के प्रतिनिधियों को प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है।


Created On :   18 Jan 2024 6:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story