मंचन: पारिवारिक रिश्तों को दर्शाता एक्सपायरी डेट का मंचन, रिश्तों में दरार की कहानी

पारिवारिक रिश्तों को दर्शाता एक्सपायरी डेट का मंचन, रिश्तों में दरार की कहानी
  • नागपुर यूनिवर्सिटी के छात्रों की प्रस्तुति
  • दर्शकों की खूब सराहना
  • एकांकी से मार्मिक पेशकश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दुनिया आधुनिक समय में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से विकसित हो रही है, दूसरी ओर पारिवारिक रिश्ते दूर होते जा रहे हैं। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘एक्सपायरी डेट' में पारिवारिक रिश्तों में दरार को दर्शाया गया, जिसे दर्शकों की खूब सराहना मिली।

अकेला छोड़ देते हैं : बच्चे पढ़ते हैं और विदेश चले जाते हैं। इसके बाद उन्हें पारिवारिक रिश्ते निभाने का समय ही नहीं मिलता। बुजुर्ग माता-पिता की मृत्यु की घटना यानी ‘एक्सपायरी डेट' उन्हें अकेला कैसे छोड़ देती है? इस एकांकी से इसकी मार्मिक प्रस्तुति हुई है। एक लड़का आधुनिक तकनीक के माध्यम से विदेश में अपने माता-पिता की मृत्यु का समय जानने का प्रयास करता है। एक बच्चे के मन में यह विचार आता है कि जब मृत्यु और उसका समय निश्चित हो जाएगा तो वह लौट सकता है। इस एकांकी नाटक में नेहरू नाम के पात्र की एक्सपायरी डेट 14 अगस्त की रात थी। इसमें यह भी दिखाया गया कि इस एक्सपायरी डेट के अवसर पर विभिन्न आयोजन कैसे किए जाते हैं। बेटा विदेश से आता है, उसके पिता मृत्युशैया पर अंतिम सांसें गिन रहे हैं। ‘एक्सपायरी डेट' के बाद भी अपने पिता को जीवित देखकर बेटा निराश होकर चला जाता है। वह इसे अपने समय की बर्बादी मानता है। इसके बाद उसके माता-पिता एक-दूसरे के परम साथी होते हैं, इसकी सुंदर प्रस्तुति दी गई।

स्पर्धाओं का आयोजन : इस एकांकी में ब्रायन डोंगरदिवे, सिफा अंसारी, जयंत कुर्जेकर, नितिन मरस्कोल्हे, वेदश्री राजुरकर, गायत्री श्रृंगारपुरकर, हर्ष दयारामानी ने अभिनय किया। एकांकी का निर्देशन सारंग गुप्ता और जय गाला ने किया है और संगीत मोहित सरकार ने दिया है। इसके साथ ही गांधीनगर विश्वविद्यालय गुजरात, डी. वाई पाटील विश्वविद्यालय, मुंबई विश्वविद्यालय आदि सभी विश्वविद्यालयों ने प्रस्तुति दी। साथ ही क्ले मॉडलिंग स्पर्धा में विद्यार्थियों ने कुश्ती विषय पर क्ले के माध्यम से सुंदर मूर्तियां बनाईं। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (ए.आई.यू) नई दिल्ली के तत्वावधान में राष्ट्रीय संत तुकड़ोजी महाराज नागपुर यूनिवर्सिटी में शत-स्पंदन 2023-24 का आयोजन किया गया, जिसमें महाराष्ट्र और गुजरात पश्चिमी क्षेत्रों के 25 से ज्यादा विश्वविद्यालयों ने भाग लिया है। इस युवा महोत्सव अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, वक्तृत्व, वाद-विवाद, एकांकी, क्लासिकल नृत्य, क्विज़, मिमिक्री, स्कीट जैसे कई स्पर्धाओं का आयोजन किया गया है।

Created On :   25 Jan 2024 8:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story