- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- 14.46 करोड़ से पुनर्विकसित हुआ...
Seoni News: 14.46 करोड़ से पुनर्विकसित हुआ सिवनी रेलवे स्टेशन

- कराए गए विभिन्न विकास कार्य, पीएम आज देंगे सौगात
- दक्षिण पूर्व मध्य रेल के नागपुर डिवीजन के सिवनी सहित पांच स्टेशन शामिल हैं।
- प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस सिस्टम स्थापित किया गया है।
Seoni News: सिवनी रेलवे स्टेशन को 14.46 करोड़ रुपए की लागत से नया लुक प्रदान किया गया है। भारत सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए सिवनी रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधा के विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। आज 22 मई गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत पुनर्विकसित सिवनी सहित देश के 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया जाएगा।
इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेल के नागपुर डिवीजन के सिवनी सहित पांच स्टेशन शामिल हैं। इस अवसर पर सिवनी स्टेशन पर सुबह 9 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी व अन्य मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के चलते स्टेशन पर आकर्षक लाइटिंग की गई है।
ट्रांजिट हब में बदलेगा सिवनी
रेलवे के अनुसार सिवनी स्टेशन में यात्रियों की संख्या और आवागमन में लगातार वृद्धि हो रही है और अब यह क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आवागमन का मुख्य केन्द्र बन चुका है। स्टेशन को 14.46 करोड़ की लागत से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सुधार करना, स्थानीय संस्कृति को संरक्षित रखना और सिवनी को एक आधुनिक ट्रांजिट हब में बदलना है।
डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि सिवनी स्टेशन का यह नया स्वरूप इस बात का प्रतीक है कि विकास और परंपरा एक साथ आगे बढ़ सकते हैं। स्थानीय समुदाय, कलाकारों, अभियंताओं और वास्तुविदों के सहयोग से यह परिवर्तन संभव हुआ है।
मोगली बना आकर्षण का केन्द्र
स्टेशन पुनर्विकास अंतर्गत कई कार्य कराए गए हैं। प्लेटफार्म एक की ओर स्थित बिल्डिंग के बाहर स्थापित की गई मोगली की प्रतिमा आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। यहां आकर्षक अंदाज में लिखवाए गए सिवनी के साथ बड़ी संख्या में लोग सेल्फी ले रहे हैं। पुनर्विकास अंतर्गत प्रवेश द्वार और सर्कुलेशन क्षेत्र का विस्तार किया गया है। 12 मीटर चौड़े नए फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है, जिसमें लिफ्ट व एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। पीएफ एक की ओर नवीन पार्किंग स्थल बनाया गया है।
प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस सिस्टम स्थापित किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। स्टेशन पर स्थानीय कला और भित्ति चित्र, पेंच टाइगर रिजर्व और ‘जंगल बुक’ थीम पर आधारित चित्रकारी आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। सुविधा युक्त प्रतीक्षालय, भुवनेश्वर मॉडल पर आधारित स्वच्छ शौचालय के साथ ही हाई मास्ट लाइट व सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
Created On :   22 May 2025 1:11 PM IST