Jharkhand's Foundation Day: झारखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू- सीपी राधाकृष्णन ने दी लोगों को शुभकामनाएं, पीएम ने भी किया पोस्ट

झारखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू- सीपी राधाकृष्णन ने दी लोगों को शुभकामनाएं, पीएम ने भी किया पोस्ट
झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड 25 साल का हो गया है। आज (15 नवंबर) राज्य का स्थापना दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोगों को हार्दिक बधाई दी है। सिर्फ प्रेसिडेंट ही नहीं बल्कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया है। तो चलिए जानते हैं सभी दिग्गजों ने क्या कहा?

प्रेसिडेंट ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोगों को इस मौके पर हार्दिक शुभकामाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना की रजत जयंती पर सभी को हार्दिक बधाई! भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों ने राज्य और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध यह राज्य राष्ट्र के विकास में निरंतर अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। यहां के आदिवासी समुदायों की समृद्ध लोक कलाएं देश-विदेश में प्रतिष्ठित हैं। इस धरती के वीर योद्धाओं ने मां भारती की सेवा के अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मेरी शुभकामनाएं हैं कि झारखंड प्रगति के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ता रहे और राज्य के सभी निवासियों का भविष्य उज्ज्वल हो।

उपराष्ट्रपति ने दी बधाई

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर सभी निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। वीरता, आत्मसम्मान और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से ओतप्रोत भगवान बिरसा मुंडा की यह धरती अपने गौरवशाली इतिहास के लिए जानी जाती है। अपने कर्मठ जनों के योगदान से समृद्ध यह राज्य देश के विकास में अमूल्य भूमिका निभा रहा है। मेरी यही कामना है कि झारखंड निरंतर प्रगति के नए शिखर छूता रहे और यहां की धरती सदा समृद्धि व सुख-शांति से परिपूर्ण रहे।

पीएम मोदी ने किया पोस्ट

पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय संस्कृति से समृद्ध, गौरवशाली झारखंड राज्य के सभी निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा पड़ा है। आज इस विशेष अवसर पर, मैं अपने और राज्य के सभी परिजनों के साथ मिलकर राज्य की प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।

Created On :   15 Nov 2025 10:19 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story