Bihar Politics: पहले SIR और अब टैरिफ, विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में माहौल गर्म, 50% टैरिफ को लेकर तेजस्वी यादव ने साधा सरकार पर निशाना

- बिहार में सियासी हलचल तेज
- 25% टैरिफ बढ़ने से विपक्ष नाराज
- कोई कुछ नहीं बोल रहा- तेजस्वी का सरकार पर निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ बढ़ा कर 50 परसेंट कर दिया। इसके बाद से भारत की राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। कई पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। बिहार में भी इसी मामले को लेकर विपक्ष, सराकर पर निशाना साध रहा है। चुनावी राज्य में एक ओर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर माहौल गर्म है तो अब टैरिफ ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 50% टैरिफ को लेकर करारा तंज कसा है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को जो नुकसान हो रहा है उसके बारे में कोई कुछ नहीं बोल रहा। यही लोग बिहार में आ कर कहेंगे कि हम विश्व गुरू बन गए हैं।
तेजस्वी यादव का करारा तंज
राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर जोरदार प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि 50% टैरिफ से देश को भारी नुकसान हो रहा है। ये लोग इस बारे में बात नहीं कर रहे हैं। हर कोई इस पर चुप है। अब ये लोग देश को नुकसान पहुंचाने के बाद बिहार आएंगे और कहेंगे कि हम विश्व गुरू बन गए हैं। हम किस बात के विश्व गुरू हैं?
यूएस ने क्यों बढ़ाया टैरिफ?
यूएस ने भारत पर पहले 25 परसेंट टैरिफ लगाया था लेकिन बाद में इसे 25% और बढ़ा दिया गया। यानि भारत पर कुल 50 परसेंट टैरिफ लगाया गया है। ट्रंप ने हाल ही में भारत पर आरोप लगाया था कि हम रूस से तेल लेते हैं और उसका बड़ा हिस्सा बाजार में बेच कर भारी मुनाफा कमाते हैं। भारत के तेल खरीदने से रूस को आर्थिक मदद मिल रही है। ट्रंप का आरोप था कि भारत को यूक्रेन में मर रहे लोगों से कोई मतलब नहीं है। यही वजह बताते हुए अमेरिका ने 25 परसेंट टैरिफ बढ़ा दिया।
Created On :   7 Aug 2025 2:06 PM IST